पेट से गुड़-गुड़ की आवाज क्यों आती है? क्या यह सिर्फ भूख का संकेत है या पाचन से जुड़ी वजहें
पेट की गुड़-गुड़ की आवाज सिर्फ भूख नहीं, बल्कि शरीर का एक नेचुरल सिग्नल भी हो सकती है।
क्या आपके साथ कभी ऐसा हुआ है कि आप लोगों के बीच बैठे हों और अचानक पेट से “गुड़-गुड़” की आवाज आने लगे? यह स्थिति अक्सर शर्मिंदगी भरी लगती है, लेकिन सच्चाई यह है कि इसे रोकना हमारे बस में नहीं होता। दरअसल, पेट से आने वाली यह आवाज शरीर की एक स्वाभाविक प्रतिक्रिया होती है।
यह एक इनवॉलंटरी प्रक्रिया है, यानी इस पर हमारा कोई सीधा नियंत्रण नहीं होता। लेकिन सवाल यह उठता है कि आखिर ऐसा होता क्यों है? खासकर तब, जब भूख लगती है, पेट से आवाज ज्यादा क्यों आने लगती है? आइए इसके पीछे की वजह को आसान भाषा में समझते हैं।
पेट से आवाज क्यों आती है?
पेट से आवाज आना आमतौर पर भूख का संकेत होता है। जब पेट खाली होता है, तो पेट और आंतों की मांसपेशियां सिकुड़ती और फैलती हैं। इस प्रक्रिया के दौरान अंदर मौजूद गैस और पाचन रस आगे बढ़ते हैं, जिससे आवाज पैदा होती है। इस पूरी प्रक्रिया को पेरिस्टालिसिस कहा जाता है।
असल में यह मूवमेंट हर समय होती रहती है, लेकिन जब पेट खाली होता है, तो खाने की परत न होने की वजह से आवाज ज्यादा साफ सुनाई देती है।
हार्मोन भी निभाते हैं भूमिका
पेट की इस गुरगुराहट में भूख से जुड़ा हार्मोन घ्रेलिन भी अहम भूमिका निभाता है। जब पेट खाली होता है, तो घ्रेलिन का स्तर बढ़ जाता है, जो दिमाग को संकेत देता है कि अब खाना खाने का समय हो गया है। इसी वजह से पेट की मांसपेशियां ज्यादा सक्रिय हो जाती हैं और आवाज तेज हो जाती है।
क्या पेट की आवाज को कम किया जा सकता है?
इसका सबसे आसान तरीका है—खाना खाना। जैसे ही आप कुछ खाते हैं, पेट की मांसपेशियों की यह गतिविधि शांत हो जाती है और आवाज भी कम हो जाती है। इसका मतलब यह हुआ कि पेट की गुरगुराहट कोई बीमारी नहीं, बल्कि शरीर का यह कहने का तरीका है कि अब उसे ऊर्जा की जरूरत है।
हालांकि, कुछ मामलों में पेट से आने वाली आवाज गैस, ब्लोटिंग, दस्त, कब्ज या फूड इनटॉलिरेंस की वजह से भी हो सकती है। लेकिन सामान्य तौर पर पेट का यूं आवाज करना चिंता की बात नहीं होती।
मेडिकल डिस्क्लेमर:
Daksho पर उपलब्ध जानकारी केवल शैक्षिक और सामान्य सूचना के उद्देश्य से है। यह किसी भी प्रकार से पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या बीमारी से संबंधित प्रश्नों के लिए हमेशा योग्य चिकित्सक या स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह लें। इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी के आधार पर पेशेवर चिकित्सा सलाह को नज़रअंदाज़ न करें।
Reviewed by: Daksho Health Editorial Team
Last Updated: 24 Dec, 2025